मीडिया ग्रुप, 14 मई, 2026
रुद्रपुर। एक माह पहले नेस्ले कंपनी से 11.81 लाख रुपये का माल लेकर निकला ट्रक असम नहीं पहुंचा। जब डिलीवरी लिमिटेड के अधिकारियों ने चालक से संपर्क करने का प्रयास किया तो नंबर बंद मिला। इस पर कंपनी के सुरक्षा इंचार्ज ने ब्रोकर और चालक पर माल हड़पने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने प्राथमिकी पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिकी पंजीकृत कर जांच शुरू
ग्राम अमरपुर जाफरपुर निवासी रविन्द्र पुत्र के एल शाह ने बताया कि वह डिलीवरी लिमिटेड में सुरक्षा इंचार्ज के पद पर कार्यरत है। उनकी कंपनी माल परिवहन के लिए ट्रक उपलब्ध कराती है। कुछ समय पहले होली चौक आवास विकास निवासी ब्रोकर संजय कुमार ने ट्रक हायर किया था। जिसमें नेस्ले कंपनी, सिडकुल से ब्रह्मपुत्र इंडस्ट्रियल पार्क, गौरीपुर नार्थ, गुवाहाटी (असम) तक माल पहुंचाने के लिए लगाया गया था। नौ अप्रैल को वाहन को नेस्ले कंपनी का लगभग 11,81,911/- रुपये मूल्य का माल लोड कर रवाना किया गया था, लेकिन अब तक वह असम नहीं पहुंचा। वाहन चालक नूहरा के मोबाइल पर संपर्क किया तो उसका नंबर बंद मिला।
आरोप लगाया कि कम्पनी का माल ब्रोकर संजय कुमार एवं वाहन चालक नूहरा ने गबन कर लिया है। उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष पंतनगर नंदन सिंह रावत ने बताया कि तहरीर के आधार पर ब्रोकर और चालक पर प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है। जांच की जा रही है, इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।