ऊधमसिंह नगर में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई: 558 किलो गांजा जब्त, तीन गिरफ्तार

रुद्रपुर। नशा मुक्त उत्तराखण्ड अभियान के तहत उधम सिंह नगर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने 558.78 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद नशे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 2 करोड़ 80 लाख रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई 18 अप्रैल को रुद्रपुर के बागवाला फ्लाईओवर के पास चेकिंग के दौरान की गई। कोतवाली रुद्रपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थीए तभी एक कैंटर वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में सुतली रस्सियों के गट्टरों के बीच बेहद चालाकी से छिपाकर रखे गए 18 प्लास्टिक के कट्टों और तीन स्कूल बैगों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें संजय निवासी किच्छा, डीटू और मोहित निवासी उत्तर प्रदेश शामिल हैं। आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन और 29,880 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि यह गांजा ओडिशा से लाया गया था और इसे रुद्रपुर में स्थानीय तस्करों को सप्लाई किया जाना था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के अनुसार तस्करों की योजना इस नशे की खेप को आगामी चारधाम यात्रा और हरिद्वार में आयोजित होने वाले अर्धकुंभ मेले में खपाने की थी। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है।