रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप के एक घर में बुधवार सुबह रसोई गैस सिलिंडर के रिसाव से घर में आग लग गई। आग की चपेट में आकर तीन वर्षीय बच्ची समेत पांच लोग बुरी तरह झुलस गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। क्षेत्र में एक महीने में गैस रिसाव और आग की यह तीसरी घटना है।
ट्रांजिट कैंप के चामुंडा मंदिर वार्ड आठ स्थित एक किराये के कमरे में गैस रिसाव के कारण खाना बनाते समय आग लग गई। इस दौरान परिवार के चार सदस्य समेत एक पड़ोसी महिला आग की चपेट में आ गई। आग की सूचना से वहां अफरा-तफरी मच गई और अन्य किरायेदार मकान से बाहर आ गए।
स्थानीय लोगों ने किसी तरह झुलसे लोगों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों की टीम ने उनका इलाज शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत स्थिर है।
सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने किसी तरह से आग पर काबू पाया। इससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
पुलिस के अनुसार घर में गैस सिलिंडर लीक होने से आग लगी जिसकी चपेट में आने से देवकी, अनीता, संगीता देवी, एक तीन वर्षीय बच्ची समेत एक अन्य महिला झुलस गईं। कुछ लोगों के 15 से 40 प्रतिशत तक झुलसने की पुष्टि हुई है जिनका इलाज जारी है।